बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। यह हादसा वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी अस्पताल के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद घटना ने लोगों को झकझोर दिया है।

मृतक की पहचान मंगला स्थित अभिषेक विहार निवासी रुद्र प्रताप शर्मा (17) के रूप में हुई है। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले सिम्स अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

टक्कर के बाद कई फीट हवा में उछला छात्र

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा पद्मश्री श्यामलाल चतुर्वेदी स्मार्ट रोड पर हुआ। तेज रफ्तार कार कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आई और सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र कई फीट हवा में उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर एक स्कूल बस से जा टकराई, जिससे कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सीसीटीवी वीडियो हुआ वायरल

घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हादसे की भयावहता साफ दिखाई देती है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

नाबालिग चला रहा था कार

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार (क्रमांक CG 10 BH 7752) को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।