बेमेतरा, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में धनतेरस की सुबह भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बेमेतरा-कवर्धा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सतनाम चौक के समीप तेज रफ्तार कार ने दो कारों और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में महिला समेत दो लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दर्शन कर घर लौट रहे परिवार के साथ हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच यह दुर्घटना हुई। गिरौदपुरी धाम से दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित कार अन्य वाहनों से टकराते हुए सड़क किनारे बने मकान की दीवार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
मृतकों में युवक और महिला शामिल
दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक की पहचान बेमेतरा निवासी लक्की देशलहरे के रूप में हुई है। वहीं, मृत महिला ग्राम सोड़ की रहने वाली बताई जा रही है। हादसे में घायल चार लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक के नशे में होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
त्योहार से पहले परिवारों में पसरा मातम
धनतेरस के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। दीपावली की तैयारियों के बीच अचानक हुए हादसे ने परिवारों को गहरा सदमा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





