दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिसकर्मी के बेटे की हत्या के चर्चित मामले में अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। युवक चेतन साहू की हत्या के मामले में उसकी प्रेमिका सहित तीन लोगों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। प्रेम संबंधों में आए विवाद के बाद युवक को मिलने के बहाने बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई थी। न्यायालय ने दोषियों पर अर्थदंड भी लगाया है।

प्रेमिका से मिलने की कोशिश बनी विवाद की वजह

जानकारी के अनुसार, मृतक चेतन साहू दुर्ग की न्यू पुलिस लाइन में रहता था। उसकी मां पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ थीं। इसी दौरान उसकी पहचान रोशनी लकड़ा से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

कुछ समय बाद रोशनी की मां का तबादला सरगुजा हो गया, जिसके चलते रोशनी भी वहां चली गई। इस दौरान उसकी नजदीकियां दूसरे युवक से बढ़ गईं। दूसरी ओर चेतन उससे लगातार बातचीत करने और मिलने का प्रयास कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा।

मुलाकात के बहाने बुलाकर किया हमला

दिसंबर 2024 में रोशनी अपनी मां के साथ दुर्ग आई थी। इसकी जानकारी मिलते ही चेतन ने उससे संपर्क करना शुरू कर दिया। आरोप है कि लगातार फोन आने से परेशान होकर रोशनी ने यह बात अपने नए प्रेमी को बताई। इसके बाद चेतन की हत्या की साजिश तैयार की गई।

29 दिसंबर 2024 की रात चेतन को कसारीडीह सिविल लाइन क्षेत्र में मिलने के लिए बुलाया गया। आरोपियों ने आयुष्मान अस्पताल के पास उस पर लाठी-डंडों और घातक हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण चेतन की मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आई साजिश

घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में रोशनी लकड़ा, आकाश देशलहरा और कुलेश्वर साहू की भूमिका सामने आई। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया था।

विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों और साक्ष्यों के माध्यम से आरोपियों की संलिप्तता साबित की।

तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा

दुर्ग के प्रथम अपर सत्र न्यायालय ने मामले में प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर रोशनी लकड़ा, आकाश देशलहरा और कुलेश्वर साहू को दोषी पाया।

अदालत ने तीनों को हत्या और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही प्रत्येक पर 500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। अन्य धाराओं में भी कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई गई है। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी।

करीब दो साल पुराने इस हत्याकांड में अदालत के फैसले के बाद तीनों दोषियों को उम्रकैद की सजा मिली है।