कांकेर, 5 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में माओवादी गतिविधियों से जुड़े करीब तीन साल पुराने मामले में विशेष NIA अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। भानुप्रतापपुर स्थित न्यायालय ने तीन माओवादियों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही तीनों पर 3500-3500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई थी गिरफ्तारी

मामला 18 मई 2023 का है। प्रतिबंधित माओवादी संगठन की गतिविधियों की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया था। जवानों की टीम चिलपरस और आसपास के पहाड़ी इलाकों में सर्चिंग कर रही थी।

इसी दौरान कुछ संदिग्ध सुरक्षा बलों को देखकर भागने लगे। जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया। उनकी पहचान पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम, रमेश पुनेम उर्फ बुधरू और पुनऊ राम मंडावी के रूप में हुई।

माओवादी साहित्य सहित कई सामान हुए थे बरामद

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों के पास से वॉकी-टॉकी, नक्सली साहित्य, संगठन से संबंधित दस्तावेज, नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए थे। कार्रवाई के दौरान एक जवान के घायल होने की बात भी सामने आई थी।

इस मामले में कोयलीबेड़ा थाने में अपराध दर्ज कर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई थी।

अदालत में पेश किए गए साक्ष्य

पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच कर आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयान और जांच में जुटाए गए साक्ष्य अदालत के समक्ष रखे।

विशेष NIA न्यायाधीश दीपक के. गुप्ता ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद तीनों को दोषी करार दिया।

तीनों को सश्रम कारावास की सजा

न्यायालय ने पीलूराम आंचला, रमेश पुनेम और पुनऊ राम मंडावी को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास तथा प्रत्येक को 3500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। वर्ष 2023 में दर्ज इस मामले में अदालत के फैसले के साथ सुनवाई पूरी हुई।