नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस हिरासत से तीन आरोपियों के फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीनों को गश्त के दौरान हिरासत में लिया था। कानूनी प्रक्रिया के तहत मेडिकल जांच (MLC) कराने के लिए उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया था। इसी दौरान मौका पाकर तीनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नारायणपुर थाना प्रभारी ने तीन आरोपियों के फरार होने की पुष्टि की है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। शहर और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जिला अस्पताल से हुए फरार
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने गश्त के दौरान तीनों आरोपियों को पकड़ा था। आगे की कानूनी कार्रवाई से पहले उनका मेडिकल परीक्षण कराया जाना था। इसके लिए पुलिस उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल परिसर में मौका मिलते ही तीनों आरोपी पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गए।
शहर में अलर्ट, तलाश में जुटीं पुलिस टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आने-जाने वाले मार्गों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों का सुराग जुटाने में लगी है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने या फरार आरोपियों से जुड़ी जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना देने को कहा गया है।
प्रमुख बातें
- पुलिस कस्टडी से तीन आरोपी फरार
- MLC के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी पुलिस टीम
- नारायणपुर में नाकेबंदी और सर्च ऑपरेशन शुरू
- फरार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग पुलिस टीमें तैनात





