सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड के हरिहरपुर स्थित नेवारडांड प्राथमिक शाला में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूल भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक शिक्षक घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
अचानक टूटकर गिरा छज्जे का प्लास्टर
जानकारी के अनुसार, शिक्षक स्कूल परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। शिक्षक इसकी चपेट में आ गए और उन्हें चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय आसपास अधिक संख्या में बच्चे मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी स्कूल भवनों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कमजोर और जर्जर स्कूल भवनों की समय पर जांच और मरम्मत कराने की जरूरत बताई है। लोगों का कहना है कि समय रहते भवनों की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ गंभीर हादसा हो सकता है।




