सुकमा, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बुलेट मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने वाले चालकों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों की अनदेखी को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सात बाइक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पांच चालकों से कुल 30 हजार 300 रुपये समन शुल्क वसूला गया, जबकि दो बुलेट मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।

शहर में चलाया गया विशेष जांच अभियान

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर 9 नवंबर को कोतवाली पुलिस की टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान ऐसे बाइक चालकों पर विशेष नजर रखी गई, जो कंपनी के निर्धारित साइलेंसर की जगह मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज आवाज निकाल रहे थे।

जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सात चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जब्त की गई दोनों मोटरसाइकिलों के मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

तेज आवाज से परेशान हो रहे लोग

पुलिस का कहना है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज ध्वनि प्रदूषण का कारण बनती है। इससे राहगीरों के साथ बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को भी परेशानी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती बढ़ाई है।

शिकायत के लिए जारी किया मोबाइल नंबर

सुकमा पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर का इस्तेमाल करने की हिदायत दी है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की फोटो या वीडियो पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9479191300 पर भेज सकते हैं।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।