कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। केशकाल पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी में शामिल उत्तर प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 16 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
जानकारी के मुताबिक, 13 नवंबर को केशकाल पुलिस को सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित बटराली चौक के पास दो संदिग्ध व्यक्ति गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
बैग की तलाशी में मिले गांजे के तीन पैकेट
पुलिस ने संदिग्धों के सामान की जांच की तो बैग और झोले में छिपाकर रखे गए गांजे के तीन पैकेट मिले। इनका कुल वजन 16 किलोग्राम पाया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी सिद्धार्थ सिंह (25) और मथुरा निवासी अशोक (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजे के साथ मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और नकदी भी जब्त की है।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
केशकाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी है।





