बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए विस्फोटक सामग्री के जखीरे का खुलासा हुआ है। संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान जवानों ने तीन अलग-अलग ठिकानों से 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की है।
डॉग स्क्वाड ने खोला जमीन में दबे जखीरे का राज
जानकारी के अनुसार, पामेड़ थाना क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में नक्सली सामग्री छिपाए जाने की सूचना पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। डीआरजी, कोबरा की 208वीं बटालियन और के-9 डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने इलाके की बारीकी से तलाशी ली।
इस दौरान प्रशिक्षित खोजी कुत्तों की सहायता से संदिग्ध स्थान का पता चला। जांच में वहां से 103 बीजीएल सेल और अन्य सामग्री बरामद की गई।
गंगालूर इलाके में भी मिले दो गुप्त ठिकाने
वहीं, गंगालूर थाना क्षेत्र के कुप्पागुड़ा सुरक्षा शिविर के अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और डॉग स्क्वाड की टीम शामिल रही।
तलाशी के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर छिपाई गई सामग्री मिली। यहां से 33 बीजीएल सेल, करीब 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य सामान जब्त किया गया।
नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को अहम सफलता
पामेड़ और गंगालूर क्षेत्र में की गई कार्रवाई से नक्सलियों के तीन गुप्त डंप का खुलासा हुआ है। जंगलों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को नक्सल विरोधी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
फिलहाल बरामद सामग्री को लेकर संबंधित थानों में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षाबल इलाके में नक्सली गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।





