सुकमा। अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुकमा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजा की खेप ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 68 किलोग्राम गांजा, दो कारें, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 62.63 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, एर्राबोर थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो सफेद रंग की कारों के जरिए ओडिशा से अवैध गांजा की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एर्राबोर बाजार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान कारों से कुल 50 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिनका कुल वजन 68 किलोग्राम निकला।
पूछताछ के दौरान वाहन सवार युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़ के रूप में हुई है। तीनों आरोपी कर्नाटक के बीदर जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) और 340 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त दोनों कारें, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई है।
प्रारंभिक जांच में अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब पूरे गिरोह और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।





