सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। भेज्जी थाना क्षेत्र के भण्डारपदर और मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक बड़े डम्प का पता लगाया गया। पुलिस के मुताबिक, डम्प से 23 हथियार, 492 जिंदा कारतूस, 240 जिलेटिन स्टिक, करीब 18 किलो गन पाउडर और बड़ी मात्रा में BGL से जुड़ी सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर की गई। बरामद सामग्री को जब्त कर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग तेज कर दी है।
DRG, बस्तर फाइटर्स और जिला बल ने चलाया अभियान
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम को इलाके में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था।
भण्डारपदर और मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी के दौरान टीम को नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए डम्प की जानकारी मिली। जांच करने पर वहां बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद हुई।
डम्प से मिले 23 हथियार
पुलिस के अनुसार, नक्सली डम्प से कुल 23 हथियार बरामद किए गए। इनमें एक SLR राइफल, एक .315 बोर राइफल, एक .410 मस्कट, छह BGL लॉन्चर, एक सिंगल शॉट राइफल, एक .315 बोर देशी कट्टा, पांच 12 बोर राइफल और सात भरमार बंदूक शामिल हैं।
इसके अलावा SLR और .303 राइफल की मैगजीन समेत हथियारों से संबंधित अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
492 जिंदा कारतूस बरामद
डम्प में बड़ी मात्रा में गोला-बारूद भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग हथियारों के कुल 492 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इनमें AK-47 के 45, SLR के 196, INSAS के 89, .303 राइफल के 97, .315 राइफल के 20 और 12 बोर के 45 जिंदा राउंड शामिल हैं।
इसके अलावा 66 BGL कारतूस, AK-47 के 31 खाली खोखे, .303 के दो और 12 बोर के 10 खाली खोखे भी मिले हैं।
240 जिलेटिन स्टिक और 18 किलो गन पाउडर जब्त
हथियारों और कारतूस के साथ सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद करने की जानकारी दी है। डम्प से 240 जिलेटिन स्टिक और करीब 18 किलो गन पाउडर मिला है।
इसके अलावा 40 टाइगर बम पटाखे, छह एक्सीलेटर प्लग और पांच देशी हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए जाने की जानकारी है।
पुलिस के अनुसार, मौके से 8 बड़े, 23 मध्यम और 58 छोटे BGL सेल के साथ आठ BGL मुंडी और इससे संबंधित अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
वर्दी, पिट्टू बैग और सोलर प्लेट भी मिले
डम्प की तलाशी में हथियार और गोला-बारूद के अलावा नक्सलियों के उपयोग की कई अन्य वस्तुएं भी मिलीं। इनमें सात जोड़ी काली वर्दी, 10 कमर पाउच, 32 काले और 22 हरे कमर बेल्ट, 11 व्हिसिल गार्ड, सात मंकी कैप और सात पिट्टू बैग शामिल हैं।
इसके अलावा पांच नीले ड्रम, दो सोलर प्लेट, दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
31 मार्च के बाद जिले में बड़ी बरामदगी
सुकमा पुलिस के मुताबिक, 31 मार्च 2026 के बाद जिले में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में एक साथ हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस इसे नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मान रही है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर जंगल और दुर्गम इलाकों में छिपाए गए पुराने डम्प की तलाश भी तेज की जा रही है।
नक्सलियों के पुराने डम्प की तलाश रहेगी जारी
पुलिस का कहना है कि सुरक्षा बल लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इसका उद्देश्य नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री के ठिकानों का पता लगाना है।
सुकमा पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था मजबूत करने के लिए इस तरह के सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।





