रायपुर, 18 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों से मोबाइल और डिजिटल एडिक्शन से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि गूगल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उपयोगी तकनीक हैं, लेकिन वे मानव बुद्धि का स्थान नहीं ले सकते। उन्होंने कहा कि सोचने, समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता ही मनुष्य की सबसे बड़ी ताकत है।

राज्यपाल शनिवार को रायपुर के विमतारा ऑडिटोरियम में आयोजित पीएसवाय एजुकेशन एंड रिसर्च फेडरेशन के राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह, पदक एवं निधि वितरण-2026 कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट जिला शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित किया गया।


मोबाइल का सीमित उपयोग करें

राज्यपाल ने कहा कि इंटरनेट और AI ने शिक्षा को पहले की तुलना में अधिक आसान बनाया है, लेकिन विद्यार्थियों को अपनी मौलिक सोच, अध्ययन की आदत और रचनात्मक क्षमता को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि डिजिटल एडिक्शन भी अन्य नशों की तरह हानिकारक है, इसलिए मोबाइल का उपयोग केवल पढ़ाई और जरूरी कार्यों तक ही सीमित रखना चाहिए।


हर बच्चा IIT या डॉक्टर बनने के लिए नहीं बना

रमेन डेका ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा और रुचि अलग होती है। अभिभावकों को बच्चों की तुलना दूसरों से करने के बजाय उनकी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों के लिए नए अवसर और विविध पाठ्यक्रम उपलब्ध करा रही है।


सफलता के साथ संतुष्टि भी जरूरी

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें मेहनत, लगन तथा दृढ़ संकल्प से पूरा करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि उसकी मेहनत और समर्पण उसके भविष्य का निर्धारण करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में केवल सफल होना ही नहीं, बल्कि संतुष्ट और सकारात्मक रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।


विधायकों ने भी दिया प्रेरणादायक संदेश

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि शिक्षा उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और कड़ी मेहनत को सफलता का मूल मंत्र बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत पीएसवाय शैक्षणिक एवं अनुसंधान संघ के निदेशक डॉ. एस.के. मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई, जबकि मुख्य योजना समन्वयक शुभ्रा शुक्ला मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सीबीएसई के क्षेत्रीय निदेशक जगदीश बर्मन, प्रदेशभर के जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, सम्मानित विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।