बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की जान चली गई। तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता ले गया। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में संपर्क कर उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

एक ही बाइक पर सवार थे तीनों युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जूनापारा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटते हुए ले गया। हादसा इतना भयावह था कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके चलते कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

CCTV फुटेज से ट्रक की तलाश

पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। मृतकों के पास से तत्काल पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

वहीं, हादसे के बाद फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस मुख्य मार्गों के साथ आसपास के प्रतिष्ठानों और ढाबों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।