दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पैदल डोंगरगढ़ जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसा पाटन थाना क्षेत्र के सोनपुर मंडी के पास हुआ। दुर्घटना में तीन श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का रायपुर के निजी अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं, हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।
अभनपुर से डोंगरगढ़ के लिए निकले थे 10 श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, 11 अक्टूबर की शाम अभनपुर क्षेत्र के ग्राम नायकबांधा से 10 श्रद्धालुओं का जत्था मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पैदल रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान तीन युवक समूह से कुछ आगे चल रहे थे, जबकि अन्य सात श्रद्धालु पीछे थे। इसी बीच सोनपुर मंडी के पास पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने आगे चल रहे तीनों युवकों को टक्कर मार दी।
हादसे में तीन युवक घायल, एक की हालत नाजुक
दुर्घटना में पारस यादव, खिलावन और खेमन देशलहरे घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। हादसे की जानकारी मिलते ही साथ चल रहे अन्य श्रद्धालु घायलों की मदद के लिए पहुंचे। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
हादसे के बाद लीलाराम साहू, धनेन्द्र, टेमन टंडन सहित अन्य लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने तीनों घायलों को पाटन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों का कृष्णा अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, फरार चालक की तलाश
घटना के संबंध में 12 अक्टूबर को पाटन थाने में अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और फरार चालक की पहचान की जा सके। फिलहाल आरोपी चालक पुलिस की पकड़ से बाहर है।
घटना के बाद घायल श्रद्धालुओं के परिजन चिंतित हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।





