जगदलपुर। बस्तर में लगातार बारिश के बीच इंद्रावती नदी उफान पर है। बढ़े जलस्तर ने प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। चारों ओर हरियाली, आसमान में छाए बादल और बीच में पूरे वेग से बहती इंद्रावती का नजारा बेहद आकर्षक दिखाई दे रहा है। ड्रोन कैमरे से सामने आई तस्वीरों में देश का ‘मिनी नियाग्रा’ कहे जाने वाला चित्रकोट जलप्रपात अपने भव्य रूप में नजर आ रहा है।

इंद्रावती में पानी बढ़ने के बाद नदी का विस्तार दूर तक दिखाई दे रहा है। कई धाराओं में एक साथ नीचे गिरता विशाल जलप्रवाह चित्रकोट की खूबसूरती को और बढ़ा रहा है। बरसात के मौसम में प्रकृति ने मानो इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल को नया रूप दे दिया है।


बढ़े जलस्तर से बदला चित्रकोट का स्वरूप

अपनी ऊंचाई और चौड़ाई के लिए प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात इन दिनों सामान्य दिनों से बिल्कुल अलग दिखाई दे रहा है। नदी में पानी का स्तर बढ़ने से जलप्रपात के नीचे का हिस्सा भी पानी से भर गया है। इसके चलते पानी करीब पांच फीट की ऊंचाई से ही गिरता नजर आ रहा है।

हालांकि ऊंचाई कम दिखाई देने के बावजूद जलधारा की चौड़ाई और तेज बहाव इस दृश्य को और भव्य बना रहे हैं। पानी की गर्जना और चारों ओर फैली हरियाली पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।


ओडिशा में इंद्रावती परियोजना के गेट खुलने की चर्चा

इंद्रावती नदी का उद्गम ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से होता है। वहां और नदी के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश का असर बस्तर में भी दिखाई दे रहा है। ऊपरी इलाकों से लगातार पानी आने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है।

इसी बीच ओडिशा में जलाशयों और इंद्रावती परियोजना के गेट खोले जाने की भी चर्चा है। हालांकि वर्तमान में कितने और कौन-कौन से गेट खोले गए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


पूरे शबाब पर ‘मिनी नियाग्रा’, पर्यटकों की उमड़ी भीड़

उफनती इंद्रावती के बीच चित्रकोट जलप्रपात इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है। इसके बदले हुए स्वरूप और विशाल जलप्रवाह को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। लोग इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरों और मोबाइल फोन में कैद कर रहे हैं।

एक ओर इंद्रावती का बढ़ता जलस्तर नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए सतर्कता का संकेत है, वहीं दूसरी ओर इसी उफनती नदी ने चित्रकोट जलप्रपात की खूबसूरती कई गुना बढ़ा दी है।

ड्रोन से सामने आए दृश्य में दूर तक फैली इंद्रावती, चारों तरफ हरियाली और पूरी रफ्तार से गिरता विशाल जलप्रवाह बरसात में बस्तर की प्राकृतिक खूबसूरती की शानदार तस्वीर पेश कर रहा है।