बिलासपुर। शहर के मंगला चौक स्थित 36 सिटी मॉल में संचालित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर के दो संचालकों पर वहां काम करने वाली युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि देह व्यापार करने से इनकार करने पर उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट की गई। उसका मोबाइल छीनने के साथ ही पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत पर पुलिस ने अमन सेन और लोकेश सेन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन महीने से स्पा सेंटर में काम कर रही थी युवती

जानकारी के अनुसार, पीड़िता करीब तीन महीने से स्पा सेंटर में काम कर रही थी। उसने आरोप लगाया है कि संचालक अमन सेन उस पर गलत नीयत रखता था और निजी केबिन में ले जाकर उसके साथ अनुचित हरकत करता था। युवती ने इसका विरोध करते हुए नौकरी छोड़ने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद उसका पिछले महीने का वेतन रोक दिया गया।

वेतन मांगने पहुंची तो हुआ विवाद

युवती के मुताबिक, 22 अगस्त को वह अपना बकाया वेतन लेने स्पा सेंटर पहुंची थी, जहां उसके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई। इसके बाद 25 अगस्त की शाम करीब सात बजे वह दोबारा स्पा सेंटर पहुंची। इस दौरान लोकेश सेन से उसका विवाद हो गया।

वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि उसने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो लोकेश सेन ने उसका मोबाइल छीन लिया और मारपीट की। कथित तौर पर हाथ मरोड़ने से उसके हाथ और कंधे में चोट आई। युवती ने आरोप लगाया कि उसे सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने और ऊंची पहुंच होने की बात कहकर धमकाया गया।

पुलिस में शिकायत पर जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़िता के अनुसार, बाद में अमन सेन ने फोन पर उसके साथ गाली-गलौज की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमन सेन और लोकेश सेन के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।