सरगुजा। जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकछार स्थित इमलीपारा में जमीन बिक्री को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बेटे ने अपने पिता के सिर पर टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।
जमीन बेचने की बात पर चल रहा था विवाद
मृतक की पहचान रामाशंकर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने कर्ज चुकाने के लिए अपनी जमीन करीब 7 से 8 लाख रुपये में बेची थी। जमीन की बिक्री और उससे मिले पैसों को लेकर उनके बेटे मुकेश कुमार सिंह के साथ विवाद चल रहा था।
खाना खाते समय बढ़ा विवाद
रिपोर्ट के मुताबिक, रामाशंकर अपनी पत्नी के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान पिता-पुत्र के बीच जमीन और पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मुकेश ने कथित तौर पर टांगी से पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रामाशंकर की मौके पर ही मौत हो गई।
खून से सनी टांगी जब्त
घटना की जानकारी मिलने पर दरिमा पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून लगी लोहे की टांगी भी जब्त की गई है।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 225/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





