मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पारिवारिक विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। जनकपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में 31 वर्षीय वंश बहादुर सिंह ने अपने पिता बिरन सिंह पर लाठी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से बिरन सिंह की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी गांव में ही छिपकर पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पारिवारिक विवाद के बाद हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, घटना भरतपुर तहसील के भगवानपुर गांव की है। पारिवारिक विवाद के दौरान वंश बहादुर सिंह ने अपने पिता पर लाठी से हमला किया। हमले में बिरन सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद गांव में ही छिपा रहा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए गांव में ही छिप गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और भगवानपुर के बघवार मोहल्ले में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
हत्या में इस्तेमाल लाठी बरामद
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है। फोरेंसिक टीम ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लाठी भी घर के सामने स्थित खेत से बरामद की गई।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





