रायपुर। राजधानी रायपुर में बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए बिजली कंपनी ने स्मार्ट मीटर प्रणाली को और अधिक प्रभावी बना दिया है। अब यदि कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ करने की कोशिश करता है, तो मीटर तुरंत लॉक हो जाएगा और इसकी सूचना सीधे केंद्रीय सर्वर तक पहुंच जाएगी। इसके बाद विजिलेंस टीम संबंधित स्थान पर पहुंचकर जांच और आवश्यक कार्रवाई करेगी।

बिजली कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, शहर में बड़े पैमाने पर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इन मीटरों में आधुनिक सुरक्षा तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, सील तोड़ने या मीटर की कार्यप्रणाली प्रभावित करने का प्रयास तुरंत दर्ज हो जाता है।

सर्वर पर मिलेगा तत्काल अलर्ट

स्मार्ट मीटर पूरी तरह ऑनलाइन केंद्रीय सर्वर से जुड़े हैं। जैसे ही मीटर में असामान्य गतिविधि दर्ज होगी, सिस्टम स्वतः अलर्ट जारी करेगा। इसके बाद बिजली कंपनी की विजिलेंस टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।

हर गतिविधि रहेगी निगरानी में

बिजली कंपनी के मुताबिक, मीटर खोलने, सील से छेड़छाड़ करने, सप्लाई में अनधिकृत बदलाव करने या किसी अन्य तरीके से मीटर को प्रभावित करने की हर कोशिश का रिकॉर्ड सिस्टम में सुरक्षित रहेगा। दोषी पाए जाने पर विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अब मोबाइल पर मिलेगा बिजली बिल

स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली बिल के लिए मीटर रीडर का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बिल की जानकारी सीधे मोबाइल पर भेजी जाएगी। साथ ही उपभोक्ता बिजली कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से बिल देख सकेंगे और ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।

चार लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए गए

नगर निगम क्षेत्र के 70 वार्डों में पुराने मीटरों को बदलने का अभियान अंतिम चरण में है। बिजली कंपनी के अनुसार अब तक चार लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और शेष मीटरों का प्रतिस्थापन भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।