रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) के रूप में शेख समी उर रहमान ने 13 जुलाई 2026 को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह जिम्मेदारी डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव से संभाली है। डॉ. विलासराव का तबादला रायपुर रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) के पद पर किया गया है।

शेख समी उर रहमान भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वर्ष 2015 बैच के अधिकारी हैं। इससे पहले वह पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। अपने अब तक के कार्यकाल में उन्होंने सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM), मंडल परिचालन प्रबंधक (DOM) और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी (Sr. DSO) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी जिम्मेदारियां निभाई हैं।

रेलवे प्रशासन में अपनी कुशल कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले रहमान ने यात्री सुविधाओं के विस्तार और गैर-किराया राजस्व (नॉन-फेयर रेवेन्यू) बढ़ाने के लिए कई अभिनव पहल कीं। उनके नेतृत्व में वाराणसी मंडल ने विभिन्न वाणिज्यिक योजनाओं के माध्यम से उल्लेखनीय अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2024 में भारतीय रेल के प्रतिष्ठित 'अति विशिष्ट सेवा पुरस्कार' से भी सम्मानित किया जा चुका है।

मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी शेख समी उर रहमान ने एनआईटी रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। वर्ष 2016 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से उनका चयन भारतीय रेलवे यातायात सेवा में हुआ था। इसके बाद उन्होंने 14 दिसंबर 2016 से भारतीय रेल में अपनी सेवाएं शुरू कीं।

नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को जनसंपर्क और यात्री संवाद के क्षेत्र में उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।