लोरमी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लोरमी के मानस मंच में ‘स्नेह, सेवा एवं सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। समारोह के दौरान उन्होंने वरिष्ठ पेंशनधारियों और निराश्रित बुजुर्गों के बीच पहुंचकर उनका सम्मान किया और चरण पखारकर आशीर्वाद लिया।
बुजुर्गों के सम्मान से भावुक हुआ माहौल
समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव मंच से उतरकर बुजुर्गों के बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर वरिष्ठ नागरिकों के चरण पखारे और उनसे आशीर्वाद लिया। इस दौरान कई बुजुर्ग भावुक नजर आए और उन्होंने साव के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
2 हजार से अधिक बुजुर्ग हुए शामिल
कार्यक्रम में लोरमी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से 2 हजार से अधिक बुजुर्ग शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री ने सभी का स्वागत और सम्मान किया। समारोह में क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और हवन-यज्ञ भी आयोजित किया गया।
पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। हवन-यज्ञ और सामूहिक पाठ में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
अरुण साव बोले- बुजुर्गों का आशीर्वाद ही मेरी ताकत
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लोरमी उनका घर है और यहां के लोग उनके अपने हैं। उन्होंने बुजुर्गों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके जीवन का अनुभव और सीख नई पीढ़ी के लिए बड़ी पूंजी है। साव ने कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा की शक्ति देता है।





