छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, जमीन के नीचे दबाकर रखी गईं राइफलें, 100 सुतली बम और अन्य सामग्री जब्त; विस्फोटक मौके पर किए नष्ट
जगदलपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे जंगलों में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। गढ़चिरौली पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाकर माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का जखीरा बरामद किया है। सुरक्षा बलों ने वांगेटूर थाना क्षेत्र के मचुवांचा जंगल में यह कार्रवाई की।
जंगल में जमीन के नीचे छिपाए गए थे हथियार
गढ़चिरौली पुलिस को माओवादियों द्वारा जंगल में हथियार और विस्फोटक छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की विशेष अभियान टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को जमीन के नीचे दबाकर रखी गई हथियारों और विस्फोटकों की खेप मिली।
तीन सिंगल शॉट राइफल समेत 100 सुतली बम बरामद
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने एक बैरल बोर राइफल, तीन सिंगल शॉट राइफल, एक एयरगन, वायरलेस उपकरण, 100 सुतली बम और माओवादी वर्दी का कपड़ा बरामद किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बरामद विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
विशेष अभियान टीम और इंटेलिजेंस सेल की संयुक्त कार्रवाई
इस अभियान में गढ़चिरौली पुलिस की विशेष अभियान टीम, इंटेलिजेंस सेल और बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) शामिल रहा। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में हथियारों का जखीरा बरामद होने को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।





