बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है।
हिर्री माइंस के पास हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, रहंगी निवासी देवेंद्र शर्मा (52 वर्ष) रविवार रात अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान हिर्री माइंस के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि देवेंद्र शर्मा सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद कार चालक फरार
घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फरार कार चालक की तलाश कर रही है।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
इस हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा।
पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




