सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के संगम बेला क्षेत्र के रहने वाले युवा कोरियोग्राफर, डांस टीचर और इवेंट प्लानर कुलदीप सिंह ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और साहस का परिचय देते हुए लगभग 920 किलोमीटर की लंबी यात्रा साइकिल से पूरी की। उनकी इस अनूठी यात्रा ने युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप सिंह ने पहले सड़क मार्ग से वाराणसी जाकर बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन करने की योजना बनाई थी। हालांकि, उस दौरान उन्हें यात्रा के लिए पर्याप्त पेट्रोल उपलब्ध नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने हार नहीं मानी और साइकिल से धार्मिक यात्रा करने का संकल्प लिया।
कुलदीप ने 31 मई की सुबह 5 बजे अपनी साइकिल यात्रा शुरू की। उन्होंने सतना से निकलकर चित्रकूट, बांदा, इटावा, आगरा, मथुरा, मेरठ, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग और सोनप्रयाग सहित कई महत्वपूर्ण शहरों और धार्मिक स्थलों से होकर अपनी यात्रा जारी रखी। कठिन पहाड़ी रास्तों, बदलते मौसम और शारीरिक चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने लगातार सफर किया।
लगभग 17 दिनों की कठिन यात्रा के बाद 17 जून को कुलदीप सिंह केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान केदारनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रही, बल्कि आत्मविश्वास, धैर्य और संकल्प का भी उदाहरण बन गई।
कुलदीप सिंह का कहना है कि आज के दौर में अधिकांश युवा मोबाइल फोन और इंटरनेट मीडिया की आभासी दुनिया में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं। ऐसे में युवाओं को अपने स्वास्थ्य, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ने की आवश्यकता है। उनकी साइकिल यात्रा का उद्देश्य भी लोगों को फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना था।
स्थानीय लोगों ने कुलदीप की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यात्रा युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती है। कुलदीप की यह पहल यह साबित करती है कि मजबूत इरादों के साथ किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।






