फरसगांव। कोंडागांव जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहपाल दिगानार के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सरपंच को मोहपाल से कारागांव जाने वाले मार्ग पर श्मशान घाट और तालाब के पास संदिग्ध हालत में पाया गया।

जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सरपंच को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।


परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सरपंच की मौत को लेकर परिजनों ने संदेह जताया है। परिवार का कहना है कि मौत की परिस्थितियां सामान्य नहीं लग रही हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। परिजनों ने पुलिस से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करने और किसी व्यक्ति या समूह की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की मांग की है।


घटनास्थल और आवाजाही की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। सरपंच के घर से निकलने के समय, उनके संभावित रास्ते और जिस स्थान पर वे मिले, उससे जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले सरपंच को आखिरी बार किसने और किन परिस्थितियों में देखा था। मामले में आगे की स्थिति जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगी।