बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। रतनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित एक ढाबे में आधी रात बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर ढाबे के गल्ले से नकदी लूट ली। विरोध करने पर कर्मचारी के साथ डंडे, पाइप और मुक्कों से जमकर मारपीट की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर क्षेत्र के नवापारा स्थित गहलोत ढाबे में देर रात तीन युवक पहुंचे। उन्होंने ढाबा कर्मचारियों से शराब की मांग की, लेकिन मना करने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और कर्मचारियों को धमकाने लगे।
इस दौरान ढाबे के कर्मचारी विजेंद्र कमल ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, जिस पर आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों, स्टील पाइप और डंडे से हमला कर दिया। मारपीट के बाद बदमाश ढाबे के गल्ले में रखे करीब 4,500 रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में दबोचे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देश जारी किए। रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और करैहापारा क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4,500 रुपये की नकदी बरामद कर ली है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल चाकू, डंडा और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्कू रावत, शनि उर्फ राजा कश्यप और ब्यासनारायण उर्फ छोटू के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ रतनपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




