दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर कर दिया गया।

मिलन चौक के पास हुई दुर्घटना

जानकारी के अनुसार, हादसा बोरी थाना क्षेत्र के मिलन चौक के पास हुआ। विधायक यशोदा वर्मा की कार खैरागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लिटिया की तरफ से बोरी आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में शिव वर्मा (50 वर्ष) और हेमंत पटेल (45 वर्ष) घायल हो गए।

घटनास्थल पर कार छोड़कर रवाना हुईं विधायक

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद विधायक यशोदा वर्मा अपनी कार मौके पर छोड़कर दूसरी मोटरसाइकिल से रवाना हो गईं। हालांकि, इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

धमधा एसडीओपी बीएम तिग्गा ने दुर्घटना की पुष्टि की है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही टक्कर की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।