कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में जंगली भालू के हमले ने दहशत फैला दी है। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मराकोटोला-लारगांव क्षेत्र में बुधवार को भालू ने खेत में काम कर रहे भाई-बहन पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है और वन विभाग ने लोगों से घरों से बाहर न निकलने तथा जंगल व खेतों की ओर अकेले जाने से बचने की अपील की है।
मृतकों की पहचान हलालखोर जुर्री (45) और उनकी बहन चमरिन जुर्री (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोग उनकी मदद के लिए आगे नहीं बढ़ सके क्योंकि भालू काफी देर तक घटनास्थल के आसपास ही मंडराता रहा। हमले में घायल एक ग्रामीण को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घटना के बाद वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके में मुनादी कर लोगों से घरों के भीतर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की गई। कई गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।
वन विभाग की टीम ने कई घंटों तक अभियान चलाकर भालू को ट्रैंक्विलाइज़ (बेहोश) कर पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त वनकर्मियों की तैनाती की गई है और लोगों से जंगल व वन क्षेत्र के आसपास विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। घटना के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।





