कोरबा। सोशल मीडिया पर रील बनाकर खुद को दबंग और डॉन के रूप में पेश करने का शौक दो युवकों को भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में गौतम तंवर और हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर को गिरफ्तार किया है। एक पर लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और सोशल मीडिया पर दबदबा दिखाने का आरोप है, जबकि दूसरे को धारदार चापड़ के साथ पकड़ा गया।


खुद को बताता था ‘डॉन’, मांगता था पैसे

पुलिस के अनुसार, पुरानी बस्ती निवासी 22 वर्षीय गौतम तंवर खुद को कोरबा का गुंडा और डॉन बताकर लोगों पर दबदबा बनाने की कोशिश करता था। आरोप है कि वह लोगों से खुद को ‘भाई जी’ कहलवाता था और शराब पीने के लिए पैसे भी मांगता था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र में उसकी पैदल परेड भी कराई। अधिकारियों के मुताबिक गौतम के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।


चापड़ लेकर लोगों को धमकाने का आरोप

दूसरी कार्रवाई फोकटपारा इलाके में की गई। यहां पुलिस ने हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह हाथ में धारदार चापड़ लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चापड़ बरामद किया गया।


आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक आरोपी के पास से धारदार हथियार बरामद होने के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।


त्योहारों से पहले पुलिस की सख्ती

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर त्योहारी सीजन को देखते हुए गुंडा-बदमाशों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शहर में हुड़दंग और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।