रायपुर। छत्तीसगढ़ के धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगर राजिम की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। राज्य सरकार ने राजिम नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाकर नगर पालिका घोषित कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी। नई व्यवस्था में नगर पालिका की सीमा वही रहेगी, जो अब तक नगर पंचायत की थी।
राज्य सरकार के इस फैसले से राजिम सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नगरवासियों का मानना है कि नगर पालिका बनने से शहर के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के सुनियोजित विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। नगर निकाय को अधिक वित्तीय संसाधन मिलने से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी तरीके से आम लोगों तक पहुंचेगा, जिससे राजिम के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी।





