रायपुर। राजधानी रायपुर में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 5 अगस्त को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला लाइवलीहुड कॉलेज, धरमपुरा रोड (जोरा), रायपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में निजी क्षेत्र की पांच प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी और कुल 137 रिक्त पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
पांच कंपनियां करेंगी भर्ती
रोजगार मेले में वंदना ग्लोबल लिमिटेड, सार्थक क्रिएटिव ऑर्गनाइजेशन, अपडेट एजुकेशन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, इलमेक इंडस्ट्रीज और अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड सहित पांच निजी कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियों द्वारा विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
इन योग्यताओं वाले अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डीजल मैकेनिक, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, फिटर और नर्सिंग से संबंधित योग्यता रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
पहले कराना होगा ऑनलाइन पंजीयन
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर पहले से पंजीयन कर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर पहुंचना होगा।
ये दस्तावेज साथ लाना होगा
अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो और अद्यतन बायोडाटा लेकर आना होगा।
निशुल्क रहेगा प्रवेश
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अनुसार रोजगार मेले में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण सूचना: आवेदन करने से पहले उम्मीदवार संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और रोजगार पोर्टल पर जारी पात्रता, नियम एवं शर्तों की जांच अवश्य कर लें।





