रायपुर, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर विवादों में घिरे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी एक बार फिर चर्चा में हैं। रायपुर पुलिस उनसे पूछताछ के लिए संपर्क करने का प्रयास कर रही है। इसी बीच अमित जोगी की गुजरात के सूरत शहर में गुजराती थाली का आनंद लेते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है। उनके रायपुर में मौजूद नहीं होने को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पार्टी ने उनके फरार होने की खबरों को भ्रामक बताते हुए स्थिति स्पष्ट की है।
आपत्तिजनक वीडियो मामले में दर्ज हुई एफआईआर
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित 'ज्ञानु और जानू' वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं ने अमित जोगी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर रायपुर की सिविल लाइंस पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए अमित जोगी के निवास के बाहर नोटिस भी चस्पा किया है।
सूरत से सामने आई तस्वीर, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
एक ओर रायपुर पुलिस अमित जोगी से पूछताछ करना चाहती है, वहीं दूसरी ओर उनकी गुजरात के सूरत शहर में गुजराती थाली का आनंद लेते हुए तस्वीर सामने आई है।
बताया जा रहा है कि वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने सोशल मीडिया से संबंधित पोस्ट हटा दी थी और माफी भी मांगी थी। हालांकि, पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच जारी रखी है।
पार्टी ने कहा- अमित जोगी फरार नहीं, पहले से तय था दौरा
अमित जोगी के फरार होने की चर्चाओं के बीच जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है।
उन्होंने कहा कि अमित जोगी के फरार होने की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं। उनका 2 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक निजी कार्यक्रम के तहत प्रदेश से बाहर रहने का दौरा पहले से निर्धारित था।
पार्टी के अनुसार, अमित जोगी ने संबंधित थाना प्रभारियों को ईमेल के माध्यम से अपने प्रदेश से बाहर होने की जानकारी भी दे दी है।
9 नवंबर को पुलिस के सामने पेश होने की बात
पार्टी पदाधिकारी निलेश चौहान ने बताया कि अमित जोगी ने 9 नवंबर 2026 को संबंधित थाने में उपस्थित होने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब यह देखना होगा कि निर्धारित तारीख पर अमित जोगी पूछताछ के लिए उपस्थित होते हैं या नहीं। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि उनके प्रदेश से बाहर रहने को फरार होने से जोड़ना सही नहीं है।





