रायपुर। राजधानी रायपुर में संपत्ति कर की बकाया वसूली के दौरान नगर निगम के एक अधिकारी के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। सहायक राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर आजाद चौक थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम जोन क्रमांक-4 में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक तरुण राय शुक्रवार दोपहर करीब 2:45 बजे ब्राम्हणपारा स्थित सोहागा मंदिर चौक के पास एक मकान पर बकाया संपत्ति कर की डिमांड नोटिस तामील करने पहुंचे थे। संबंधित मकान मालिक लता शर्मा पर संपत्ति कर समेत अन्य मदों में 55,859 रुपये बकाया है।

मौके पर लता शर्मा मौजूद नहीं थीं। वहां उनके रिश्तेदार युगांत शर्मा मिले। तरुण राय ने उन्हें बकाया कर की जानकारी देते हुए नोटिस देने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया।

इसके बाद जब निगम अधिकारी नियमानुसार मकान की दीवार पर नोटिस चस्पा करने लगे तो आरोप है कि युगांत शर्मा ने उन्हें रोक दिया। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौच की, जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की भी की।

घटना के बाद सहायक राजस्व निरीक्षक ने आजाद चौक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज कराने के दौरान नगर निगम की उपायुक्त (राजस्व) अंजलि शर्मा और जोन-4 कमिश्नर दिव्या चंद्रवंशी भी मौजूद रहीं।

पुलिस ने तरुण राय की शिकायत पर आरोपी युगांत शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।