रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर में प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपते हुए नया आदेश जारी किया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार उपायुक्त जागृति साहू को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग (जाति प्रमाण पत्र) के उपायुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसी तरह उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा को उनके वर्तमान कार्यों के अलावा सामान्य प्रशासन विभाग के उपायुक्त तथा जोन क्रमांक-2 के चेक संबंधी कार्यों का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
वहीं प्रभारी उपायुक्त संगीता साहू को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ जनसूचना अधिकारी (PIO) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
नगर निगम आयुक्त द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। निगम प्रशासन का कहना है कि अतिरिक्त प्रभार सौंपने का उद्देश्य विभागीय कार्यों में समन्वय बढ़ाना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाना है।





