रायगढ़। आगामी जन्माष्टमी पर्व, झूला उत्सव और चक्रधर समारोह को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 58 गुंडा और निगरानी बदमाशों को उनके घरों से थाने बुलाकर हाजिरी कराई। पुलिस ने सभी को आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत भी दी है।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस तथा रिजर्व पुलिस लाइन की संयुक्त टीमों ने तड़के चिन्हित लोगों के घरों पर दबिश दी।
सुबह घरों पर पहुंची पुलिस की टीमें
नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने चिन्हित गुंडा, निगरानी बदमाश, सजायाफ्ता और संदिग्ध व्यक्तियों को थाने में उपस्थित कराया। इसके बाद सभी को चक्रधरनगर थाना परिसर में सामूहिक रूप से हाजिर कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित लोगों से उनके वर्तमान रोजगार, जीवन-यापन और आय के स्रोत के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व के विवादों को लेकर पूछताछ की गई।
दोबारा अपराध में शामिल होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस ने हाजिर कराए गए लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगामी त्योहारों और बड़े आयोजनों को देखते हुए पुलिस शहर में संदिग्ध गतिविधियों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों पर विशेष निगरानी रख रही है।
अब हर महीने थाने में देनी होगी हाजिरी
पुलिस ने निगरानी व्यवस्था को और सख्त करते हुए संबंधित लोगों को हर महीने अपने क्षेत्र के थाने में उपस्थित होकर हाजिरी देने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्हें अपने रोजगार और आय के स्रोत से जुड़ी जानकारी भी पुलिस को देनी होगी।
वहीं कुछ पुराने निगरानी और गुंडा सूची में शामिल लोगों ने अधिकारियों के सामने दावा किया कि लंबे समय से उनके खिलाफ कोई नया अपराध या शिकायत दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने अपना नाम निगरानी सूची से हटाने का अनुरोध किया।
SSP बोले- कानून व्यवस्था से समझौता नहीं
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। जन्माष्टमी, झूला उत्सव और चक्रधर समारोह को देखते हुए असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होंने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को अपराध से दूर रहकर शांतिपूर्ण जीवन जीने की हिदायत देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





