रायगढ़। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर पुलिस ने 39 लीटर अवैध महुआ शराब, बिक्री की रकम और शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी जब्त की है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
स्कूटी से ले जा रहे थे 20 लीटर महुआ शराब
चक्रधरनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्कूटी से ग्राम बंगुरसिया से इंदिरा विहार की ओर अवैध महुआ शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने इंदिरा विहार रानी महल मेन रोड के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस ने स्कूटी क्रमांक CG 13 G 6861 को रोककर तलाशी ली। स्कूटी से दो प्लास्टिक जरिकेन में रखी 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरुण सिदार (37), निवासी छोटे अतरमुड़ा और हिंजोर साय कुजूर (49), निवासी घटगांव थाना लैलूंगा, हाल मुकाम छोटे अतरमुड़ा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कीमत करीब चार हजार रुपये है। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी को भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
लाखा और मुड़ागांव में भी कार्रवाई
इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने लाखा क्षेत्र में एक महिला को 9 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ पकड़ा। पुलिस ने उसके पास से शराब बिक्री की रकम भी जब्त की है।
वहीं तमनार थाना क्षेत्र के मुड़ागांव में पुलिस ने एक अन्य महिला को 10 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
अवैध कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। थाना स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है और अवैध शराब की बिक्री, परिवहन तथा भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





