रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम उस समय लोगों की नजरें सड़क पर टिक गईं, जब करीब 27 हाथियों का दल शावकों के साथ सड़क पार करता दिखाई दिया। हाथियों की आवाजाही के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोकना पड़ा और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
यह घटना रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज की है। जानकारी के अनुसार, भेंगारी और बिलासखार के जंगल के समीप हाथियों का झुंड सड़क पार करते हुए देखा गया। दल में कई हाथी के बच्चे भी शामिल थे। सुरक्षा के मद्देनजर वन अमले ने वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी, जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
हाथियों को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें भी रिकॉर्ड कीं।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह हाथी दल छाल रेंज की ओर से घरघोड़ा क्षेत्र में पहुंचा है और अब सामारूमा जंगल की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने, जंगल और हाथियों के मूवमेंट वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा हाथियों के करीब न जाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थिति में हाथियों को उकसाने या उनके पास जाने का प्रयास न करें और किसी भी सूचना के लिए तुरंत वन विभाग को अवगत कराएं।





