दुर्ग। ऑनलाइन साइबर ठगी के एक मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने व्हाट्सएप के जरिए APK फाइल भेजकर बैंक खाते से चार लाख रुपये से अधिक की रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि मामले की जांच आगे भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-05 निवासी संजय झा ने 25 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करते ही मोबाइल पर आने वाले ओटीपी और बैंकिंग से जुड़े संदेश स्वतः किसी दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड होने लगे। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते से 4,02,728 रुपये की अनधिकृत निकासी हो चुकी है।
शिकायत के आधार पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की सहायता से बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की गई। तकनीकी विश्लेषण में आरोपियों की लोकेशन गुजरात में मिलने के बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों के मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल करवाकर उस पर अनधिकृत नियंत्रण हासिल कर लेते थे। इसके बाद बैंकिंग संदेश, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारियां प्राप्त कर खातों से रकम निकाल लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 37 वर्षीय अच्छे लाल यादव और 49 वर्षीय जोखन प्रसाद यादव के रूप में हुई है। दोनों सिलवासा, दादरा एवं नगर हवेली के रहने वाले हैं। जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत मिलने पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 3(5) भी जोड़ दी है।





