कांकेर। मरकाटोला गांव में दो दिन पहले हुए भालू हमले से जुड़े मामले में नया खुलासा हुआ है। सगे भाई-बहन समेत दो ग्रामीणों की मौत का कारण बनी मादा भालू की रायपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। जांच रिपोर्ट में उसके रेबीज (Rabies) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों ने दी है।
वन विभाग के अनुसार, दो दिन पहले मादा भालू ने मरकाटोला गांव में अचानक लोगों पर हमला कर दिया था। हमले में सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कई घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान भालू काफी आक्रामक हो गया और वन विभाग के वाहन पर भी हमला कर दिया। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने विशेष सावधानी बरतते हुए ग्रामीणों को घरों से बाहर नहीं निकलने और जंगल की ओर जाने से परहेज करने की सलाह दी थी।
रेस्क्यू के बाद मादा भालू को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में कराई गई जांच में उसके रेबीज वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। वन विभाग का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।





