रायपुर। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए अहम खबर है। विभाग के अंतर्गत विभिन्न लिपिकीय, अलिपिकीय, शैक्षणिक और प्रशासनिक पदों पर चल रही पदोन्नति प्रक्रिया को 15 अगस्त तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
10 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में होगी समीक्षा
पदोन्नति प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा के लिए 10 अगस्त को दोपहर 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की जाएगी। DPI ने संबंधित अधिकारियों को पदोन्नति से जुड़े सभी बिंदुओं और पूर्व में मांगी गई जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में संभाग और जिला स्तर पर पदोन्नति की मौजूदा स्थिति, विभिन्न संवर्गों में रिक्त पदों की संख्या और निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
पदोन्नति की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी
DPI ने संभाग और जिला स्तर पर पदोन्नति प्रक्रिया की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और इसकी जानकारी संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अलग-अलग संवर्गों में पदोन्नति के लिए उपलब्ध रिक्त पदों का पूरा ब्योरा भी मांगा गया है।
भर्ती नियम 2026 और कोर्ट के निर्देशों पर भी चर्चा
बैठक में सेवा भर्ती नियम 2026 के प्रावधानों के साथ पदोन्नति से जुड़े सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी।
इसके अलावा स्वामी आत्मानंद और विवेकानंद विद्यालयों में रिक्त पदों की जानकारी भी मांगी गई है। विवेकानंद विद्यालयों में अधोसंरचना विकास के प्रस्ताव, RTE के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति तथा नवनियुक्त प्राचार्यों और ई एवं टी संवर्ग की वरिष्ठता से संबंधित जानकारी भी समीक्षा के एजेंडे में शामिल है।
15 अगस्त की समय-सीमा अहम
स्कूल शिक्षा विभाग में मौजूदा सेवा भर्ती नियमों के तहत विभिन्न स्तरों पर पदोन्नति की कार्रवाई जारी है। अब 10 अगस्त की समीक्षा बैठक के बाद लंबित मामलों में तेजी लाते हुए 15 अगस्त तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने पर जोर रहेगा।
DPI ने अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा है कि रिक्त पदों और पदोन्नति से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जा सके।





