रायपुर। प्रदेश में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसी सिलसिले में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। तय कार्यक्रम के अनुसार राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह सुबह 9 बजे से आयोजित होगा।
परेड, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में परेड, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों के चयन और रिहर्सल की जिम्मेदारी पुलिस उप महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को सौंपी गई है, जो पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में सभी तैयारियां सुनिश्चित करेंगे। वहीं समारोह स्थल की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की जिम्मेदारी पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर को दी गई है।
मंच, पंडाल और बैठक व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
समारोह स्थल पर साफ-सफाई, मंच, पंडाल और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा की जाएगी। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समारोह का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनेंगी आकर्षण
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रमों का चयन स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से करेंगे, जबकि रिहर्सल और बच्चों की अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कलेक्टर रायपुर को सौंपी गई है।
जिला और तहसील मुख्यालयों पर भी होंगे समारोह
राज्य स्तरीय आयोजन के साथ-साथ जिला और तहसील स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।
7 से 15 अगस्त तक गूंजेगा 'वंदे मातरम्'
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश संस्कृति विभाग जारी करेगा।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह सहित गृह विभाग और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





