कोरबा। जिले के छुरीकला निवासी एक नवप्रसूता का शव मंगलवार दोपहर ग्राम जेंजरा मेन रोड के पास पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान कविता केंवट के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कविता को 10 सितंबर को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल के SNCU/ICU में रखा गया था।
परिजनों से नाराज होकर अस्पताल से निकली
बताया जा रहा है कि बीती रात किसी बात को लेकर कविता अपने परिजनों से नाराज हो गई थी। इसके बाद वह अचानक अस्पताल से बाहर निकल गई। परिवार के लोगों को जब उसके अस्पताल से चले जाने की जानकारी हुई तो उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की।
परिजन देर रात तक उसकी खोज करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। उसके मोबाइल और संभावित ठिकानों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन वह नहीं मिली।
दोपहर में ग्रामीणों ने देखा शव
मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे ग्राम जेंजरा मेन रोड के पास कुछ ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल गांव के सरपंच को सूचना दी गई।
सरपंच ने घटना की जानकारी कटघोरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से जुड़े संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस परिवार के सदस्यों, अस्पताल से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।
बच्चे का अस्पताल में चल रहा था इलाज
बताया जा रहा है कि प्रसव के बाद नवजात की तबीयत ठीक नहीं थी और उसे विशेष निगरानी में रखा गया था। इसी दौरान महिला के मानसिक तनाव में होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी कारण की पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।





