मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में छत्तीसगढ़ महतारी और पूर्व जनप्रतिनिधियों के तैलचित्र कथित तौर पर कचरे के ढेर में मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना सामने आने के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


यह मामला लोरमी थाना क्षेत्र का है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।


कांग्रेस की शिकायत के अनुसार, अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर राजनीतिक विद्वेष के चलते छत्तीसगढ़ महतारी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया के तैलचित्र कचरे के ढेर में फेंक दिए। पार्टी का कहना है कि घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।


कांग्रेस ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी पहचान की जाए और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। पार्टी का आरोप है कि इस तरह की हरकत समाज में वैमनस्य और तनाव का माहौल पैदा करने की कोशिश है।


पुलिस ने जांच शुरू की

मामले में लोरमी थाना पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने बताया कि पुलिस को लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


24 घंटे का अल्टीमेटम

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय जनता के साथ मिलकर लोरमी थाने का घेराव, चक्काजाम और उग्र आंदोलन करेंगे। कांग्रेस ने कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस की होगी।