रायपुर। छत्तीसगढ़ में सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तारीखों में बदलाव कर दिया है। अब मुख्य परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। पहले इसके लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तारीख तय की गई थी।

परीक्षा की तारीख बदलने का फैसला 25 अक्टूबर को प्रस्तावित शिक्षक भर्ती परीक्षा के कारण लिया गया है। दोनों भर्ती परीक्षाओं की तारीख आपस में टकराने से ऐसे अभ्यर्थियों के सामने परेशानी खड़ी हो गई थी, जो दोनों परीक्षाओं में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को अभ्यर्थियों के हित में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद CGPSC ने मुख्य परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।

पहले 24 से 26 अक्टूबर तक होनी थी परीक्षा

CGPSC ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर की संभावित तारीखें घोषित की गई थीं।

इसी बीच 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आई। इससे दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा को छोड़ने जैसी स्थिति बन सकती थी।

CM साय के निर्देश के बाद बदला कार्यक्रम

अभ्यर्थियों की परेशानी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को इसका समाधान निकालने के निर्देश दिए। इसके बाद आयोग ने पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीखों में संशोधन करते हुए इसे अक्टूबर के बजाय नवंबर में आयोजित करने का निर्णय लिया।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब मुख्य परीक्षा 2 नवंबर, 3 नवंबर और 4 नवंबर 2026 को होगी। इससे शिक्षक भर्ती और पुलिस भर्ती, दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा लंबे समय तक मेहनत करते हैं। केवल परीक्षा कार्यक्रम के टकराव के कारण किसी पात्र अभ्यर्थी को अवसर से वंचित नहीं होना चाहिए।

मुख्य परीक्षा के लिए अलग से करना होगा आवेदन

प्रारंभिक परीक्षा में सफल होकर मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित किए गए अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया, अंतिम तिथि, परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र और अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों को लेकर CGPSC अलग से सूचना जारी करेगा।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर रखें और भर्ती परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक सूचना को ही आधार बनाएं।

एक नजर में नई तारीखें

पुराना संभावित कार्यक्रम: 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026

शिक्षक भर्ती परीक्षा: 25 अक्टूबर 2026

संशोधित SI मुख्य परीक्षा: 2, 3 और 4 नवंबर 2026

परीक्षा: सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024