डोंगरगढ़। शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और चाकूबाजी की वारदातों के बीच पुलिस विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने डोंगरगढ़ थाना प्रभारी भूषण चंद्राकर को लाइन अटैच कर दिया है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से शहर में अपराध की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा था। चाकूबाजी सहित अन्य आपराधिक मामलों ने आम लोगों में चिंता बढ़ा दी थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने हालात की समीक्षा की, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। विभाग का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर प्रशासनिक स्तर पर अन्य कदम भी उठाए जाएंगे।

थाना प्रभारी के लाइन अटैच होने के बाद अब डोंगरगढ़ थाने में नए प्रभारी की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही नए थाना प्रभारी की तैनाती की जा सकती है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।