खैरागढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में खैरागढ़ पुलिस ने लालपुर चौक में दबिश देकर कथित रूप से अवैध शराब बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मौके से देशी शराब के 14 पौवा और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि लालपुर चौक के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान दिनेश कुमार देवांगन (42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 10, लालपुर खैरागढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 180-180 एमएल के 14 पौवा देशी शराब बरामद किए गए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,120 रुपये बताई गई है।

इसके अलावा पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 360 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। इस तरह कुल 1,480 रुपये की सामग्री बरामद की गई। मामले में खैरागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 391/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।