रायगढ़। जिले में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन अंकुश" के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर चल रहे जुआ फड़ का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से पांच जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 हजार 650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और करीब ढाई लाख रुपये कीमत के 8 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान रविवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उदउदा के आगे आम रास्ते पर कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर "काट-पत्ती" जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे उमेश देवनाथ, कालीचरण साह, मधुसुधन मंडल, सुशांत दास और ओमप्रकाश यादव को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को जुआ फड़ से 17,650 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, जुआ खेलने में इस्तेमाल सामग्री और मौके पर खड़े आठ दोपहिया वाहन मिले। जब्त वाहनों में सुपर स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, टीवीएस जुपिटर, एचएफ डीलक्स, हीरो ग्लैमर, सीडी डीलक्स, होंडा साइन और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना धरमजयगढ़ में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इसके साथ ही आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के साथ एएसआई मंजु मिश्रा, एएसआई रामसंजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, आरक्षक मनोज कुमार, विजयानंद राठिया, अनूप जॉनसन केरकेट्टा और बीरबल टोप्पो की अहम भूमिका रही।

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि "ऑपरेशन अंकुश" के तहत जिले में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।