रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से जुड़ा एक वीडियो राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। दीपावली के अवसर पर सामने आए इस वीडियो में वर्दीधारी पुलिस जवान मंत्री के पैर छूते दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। वहीं, विवाद बढ़ने पर मंत्री ने घटना को लेकर सफाई दी है।
दीपावली पर पुलिसकर्मियों से मिलने पहुंचे थे मंत्री
बताया जा रहा है कि दीपावली के अवसर पर मंत्री गजेंद्र यादव ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मिठाई और उपहार वितरित कर रहे थे। इसी दौरान एक जवान उनके पास पहुंचा और झुककर पैर छू लिए। घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस की वर्दी और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे।
भूपेश बघेल ने उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वायरल वीडियो को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पुलिसकर्मी के इस व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए प्रशासनिक व्यवस्था और पद की गरिमा को लेकर सवाल खड़े किए। इस मामले में पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आरके विज ने भी वर्दीधारी जवानों के सार्वजनिक आचरण को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मंत्री बोले—भावुक होकर जवान ने छुए पैर
मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ा तो मंत्री गजेंद्र यादव ने अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि संबंधित पुलिस जवान उनके गांव का रहने वाला है और उन्हें पहले से जानता है। मुलाकात के दौरान वह भावुक हो गया और सम्मान व्यक्त करने के लिए उनके पैर छू लिए।
मंत्री के मुताबिक, उन्होंने जवान को ऐसा करने से रोका भी था। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे कोई राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव नहीं था।
पुलिस अनुशासन को लेकर छिड़ी नई बहस
वायरल वीडियो के बाद प्रदेश में पुलिसकर्मियों के सार्वजनिक व्यवहार और वर्दी की मर्यादा को लेकर बहस तेज हो गई है। विपक्ष इस घटनाक्रम को लेकर सरकार से सवाल कर रहा है, जबकि मंत्री इसे व्यक्तिगत सम्मान और भावनाओं से जुड़ा मामला बता रहे हैं।
फिलहाल यह वीडियो छत्तीसगढ़ की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है।





