राजनांदगांव/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए शनिवार का दिन रोजगार के नए अवसर लेकर आया है। प्रदेश के राजनांदगांव और दुर्ग जिले में आज प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इन कैंपों के माध्यम से निजी कंपनियों में 235 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

राजनांदगांव में टाटा मोटर्स और डेल्फिंगन इंडिया में नौकरी का अवसर

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), राजनांदगांव में शनिवार सुबह 9 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। कैंप में कैरियर-ट्री के माध्यम से टाटा मोटर्स (गुजरात) और डेल्फिंगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (चेन्नई) के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

इस प्लेसमेंट कैंप में शासकीय एवं निजी आईटीआई से उत्तीर्ण अभ्यर्थी, प्रशिक्षण सत्र 2022-24 और 2023-24 के प्रशिक्षणरत विद्यार्थी, साथ ही 12वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण महिला और पुरुष उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 32 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।

उम्मीदवारों को अपने साथ 10वीं, आईटीआई के प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा।

दुर्ग में 235 पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेला

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग में शनिवार सुबह 10:30 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन के 200 तथा मुथूट माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड के 35 पदों सहित कुल 235 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

इन पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 8 हजार रुपये से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में 10वीं, 12वीं और किसी भी विषय से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं।

इच्छुक उम्मीदवारों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकसूची, पहचान पत्र (आधार, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या राशन कार्ड), रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाणपत्र, छत्तीसगढ़ निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र तथा सभी दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप, रोजगार कार्यालय के सूचना पटल तथा आधिकारिक फेसबुक पेज पर उपलब्ध है।