गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दानिकुंडी में पटवारी पर हमले का मामला सामने आया है। एक युवक ने कार्यालय में घुसकर पटवारी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में पटवारी के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


कार्यालय में काम कर रहे थे पटवारी, तभी पहुंचा युवक

जानकारी के मुताबिक दानिकुंडी के हल्का नंबर-26 में पदस्थ पटवारी शुद्दू राम कोल अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान प्रकाश गोंड वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी काम को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रकाश गोंड ने लोहे की रॉड से पटवारी के सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।


पैसे लेने के बाद काम नहीं करने का लगाया आरोप

वायरल वीडियो में युवक पटवारी पर गंभीर आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। उसका दावा है कि पटवारी लंबे समय से उसका काम नहीं कर रहा था और काम कराने के एवज में दिए गए पैसे भी वापस नहीं किए जा रहे थे। हालांकि, युवक के इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


घायल पटवारी अस्पताल में भर्ती

हमले में पटवारी शुद्दू राम कोल के सिर से खून बहने लगा और वे घायल होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

वायरल VIDEO के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़ी जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।